महागामा, वासु कुमार
महगामा गोड्डा जिले के महागामा थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित जनता दरबार सह ऑपरेशन मुस्कान कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार स्वयं पहुंचे। कार्यक्रम में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने भूमि विवाद, साइबर अपराध, आपसी विवाद, लंबित मामलों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न शिकायतें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऑपरेशन मुस्कान रहा।
इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा बरामद किए गए कई गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभुकों ने गोड्डा पुलिस की कार्यशैली और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की खुलकर सराहना की।जनता दरबार में महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने आम लोगों को साइबर ठगी, मोबाइल चोरी और अन्य अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना समय की आवश्यकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जा रही हैं, जिससे उनके समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गोड्डा पुलिस जनता की सुरक्षा, न्याय और सेवा के लिए सदैव तत्पर है।महागामा थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का काम किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।