धनबाद: देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पू कुमार तिवारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और बलिदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय इतिहास की एक मजबूत स्तंभ थीं और उन्होंने वैश्विक राजनीति पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि अपने निर्भीक फैसलों और दृढ़ निश्चय के कारण इंदिरा गांधी को लौह महिला के रूप में जाना जाता है। देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए उन्होंने जो कदम उठाए, वे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हैं। उनके अनुसार, आम लोगों के जीवन और जीविका को बेहतर बनाने के लिए इंदिरा गांधी ने कई ऐतिहासिक कार्य कर देश को नई दिशा दी।
आगे उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान अंतरराष्ट्रीय दबावों के आगे न झुकते हुए समयानुकूल और निर्णायक नीति अपनाई, जिससे न केवल इतिहास रचा गया बल्कि पाकिस्तान के विभाजन के साथ दक्षिण एशिया का भूगोल भी बदल गया। उन्होंने रजवाड़ों के प्रिवी पर्स की समाप्ति, बैंकों और कोयला उद्योग के राष्ट्रीयकरण तथा गरीबी हटाओ के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि जनहित में उनके ये फैसले मील का पत्थर साबित हुए। पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि आज सभी को इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पू कुमार तिवारी ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।















