दिल्ली पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा से लेकर चार राज्यों तक फैले एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह वॉट्सऐप के जरिए लोगों को संदिग्ध APK फाइल भेजकर उनके बैंक खातों और निजी जानकारियों में सेंध लगाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को झांसे में लेकर मोबाइल फोन में खतरनाक APK फाइल इंस्टॉल करवाते थे, जिससे उनके डिवाइस का नियंत्रण या संवेदनशील डेटा हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता था। इस संगठित गिरोह द्वारा अब तक 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी किए जाने की आशंका जताई गई है। मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए दिल्ली पुलिस ने चार राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को दबोचा और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं तथा खातों की पड़ताल तेज कर दी है।













