महागामा। महागामा नगर पंचायत में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नियुक्त सफाई कर्मियों से कथित तौर पर उनके मूल काम के बजाय मजदूर और कुली का काम कराया जा रहा है। यह गंभीर मामला तब उजागर हुआ जब नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को एक ट्रांसपोर्टिंग वाहन से सामान उतारते हुए देखा गया। इस घटना के सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मियों को उनके निर्धारित कार्य से हटाकर सामान ढुलाई में लगाने के पीछे नगर पंचायत के चार सुपरवाइजरों— चंदन कुमार सिंह, राजकुमार यादव, ललन शर्मा और दिलदार अंसारी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। अब यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या यह काम नगर पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी और आदेश पर कराया जा रहा था, या फिर इन सुपरवाइजरों ने अपने स्तर पर ही कर्मियों को दूसरे काम में झोंक दिया।
महागामा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में पहले से ही नालियों की सफाई और नियमित कचरा उठाव को लेकर आम नागरिकों की शिकायतें सामने आती रही हैं। शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी जिन कर्मियों पर है, यदि उन्हें इस तरह सामान उतारने के काम में लगाया जाएगा तो इसका सीधा और नकारात्मक असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ना तय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान उतारने जैसे कार्यों के लिए अलग से मजदूरों की व्यवस्था की जा सकती थी। अब पूरे मामले में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी और जिम्मेदार अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की जा रही है कि कर्मियों को किसके निर्देश पर दूसरे काम में लगाया गया। लोगों को इंतजार है कि प्रशासन चारों सुपरवाइजरों की भूमिका की जांच कर क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर कैसे रोक लगाता है।













