रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में गुरुवार को ‘सतर्कता जागरूकता अभियान–2026’ का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कार्य अनुभव प्रमाण पत्रों को जारी करने और उनकी सत्यता जांचने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ‘प्रमाण पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही एक विशेष पुस्तक का विमोचन, अभियान पर आधारित वीडियो का अनावरण और सीसी एवं पीआर विभाग द्वारा निर्मित सीसीएल के लोगो का नया ‘आउटरो’ (Outro) भी लॉन्च किया गया।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम्, कोल इंडिया गीत और डीएवी गांधीनगर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत के साथ हुई। कार्यक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। अपने स्वागत संबोधन में पंकज कुमार ने कहा कि सतर्कता को केवल जांच तक सीमित न रखकर दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना जरूरी है, जिसमें कमांड क्षेत्र के स्कूलों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने जन-जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई है।
मुख्य अतिथि सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कोल इंडिया के प्रत्येक कर्मचारी को कंपनी का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई और कहा कि कर्मियों की ईमानदारी से संस्थान नए कीर्तिमान रच रहा है। वहीं, सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उत्पादन के साथ सार्वजनिक संसाधनों के पारदर्शी उपयोग और आपसी समन्वय को सतर्कता का सर्वश्रेष्ठ रूप बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के दौरान 1,600 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो सामाजिक सहभागिता की मिसाल है। निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने प्रशिक्षण और संवाद के जरिए
कर्मचारियों में सत्यनिष्ठा की संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया।
समारोह के अंतिम चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, नोडल अधिकारियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित किया गया, जिसमें सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत हजारीबाग क्षेत्र को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। वरीय प्रबंधक सुगंधा वर्मा और मोहित जैन के कुशल मंच संचालन के बीच धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ।









