महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत कर दी गई है। त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन और अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के तहत चयनित 100 युवाओं को आईएएस, आईपीएस, आईआरएस, आईएफएस सहित अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर महागामा के गोविंदपुर में आयोजित समारोह के दौरान गोड्डा के डीडीसी वी एस यशवंत ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ इस योजना का शुभारंभ किया। इस पहल के जरिए युवाओं में नेतृत्व क्षमता, जनसेवा की भावना और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी वी एस यशवंत ने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर पढ़ाई सबसे जरूरी है। उन्होंने युवाओं से कहा कि परीक्षा को लेकर घबराने के बजाय इसे अपनी प्रतिभा और क्षमता को परखने का अवसर मानें। तैयारी के दौरान कई बार चुनौतियां सामने आती हैं और परिणाम भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहते, लेकिन ऐसी परिस्थितियों में धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। मेहनत, अनुशासन और अडिग संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर सफलता अवश्य मिलती है।
ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर इस योजना के लिए 25 जुलाई से 5 अगस्त के बीच महागामा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान, सेमिनार और काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए थे। इसके लिए कुल 700 युवाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को हुई चयन परीक्षा में शामिल हुए। 25 अगस्त को परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद 7 से 14 सितंबर के बीच साक्षात्कार लिया गया और अंततः 100 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया।
इस योजना के शुरू होने से महागामा के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों में जाने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी। खासतौर पर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए घर के पास ही निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलना बड़ी राहत माना जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर चयनित विद्यार्थियों के चेहरे पर खासा उत्साह दिखा। ज्योति श्वेतलाना मरांडी, छोटी सिमरन, आयशा फिरदौस, अंजलि सिन्हा, करुणा केशरी और सानू कुमार शर्मा सहित कई छात्रों ने कहा कि बड़े शहरों की महंगी कोचिंग का खर्च उठाना उनके परिवार के लिए आसान नहीं था, लेकिन इस योजना ने उन्हें अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर दिया है।
समारोह में महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ वरुण रजक, सीओ डॉ. खगेन महतो, बीडीओ सोनाराम हांसदा, अयांश द सिविल सर्विसेज के निदेशक राहुल कुमार एवं प्रियंका, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य हेनाफख, इंटरकॉलेज महागामा के प्राचार्य बिभूति रंजन, सेंट माइकल स्कूल के प्राचार्य बीजू कंकल, गोड्डा जिला अध्यक्ष यह्य सिद्दीकी, महागामा प्रखंड अध्यक्ष मो. मिनहाज, नगर उपाध्यक्ष निलेश कुमार, बिपिन बिहारी, मो. ख़ालिद, नौशेर आदिल और मलयकांत दास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।














