रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘संविधान गौरव दिवस’ अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विश्वविद्यालय के विधि संकाय और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष समारोह में राज्यसभा सांसद, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए नागरिकों को अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।
समारोह का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक तथा कुलपति प्रो. सी. जगनाथन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने मुख्य संबोधन में डॉ. वर्मा ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए इसे भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत का आईना बताया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 51A का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय स्मारकों के सम्मान के प्रति नागरिकों के दायित्वों को रेखांकित किया और वेदों व उपनिषदों के संदर्भ से भारतीय परंपरा व संवैधानिक मूल्यों के गहरे संबंध को समझाया।
छात्रों को संवैधानिक बारीकियों से अवगत कराते हुए डॉ. वर्मा ने अनुच्छेद 356 की प्रासंगिकता और अब तक हुए 106 संविधान संशोधनों का उल्लेख किया, जो बदलती सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप संविधान की विकासशील प्रकृति को दर्शाते हैं। उन्होंने विभाजनकारी प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने ‘वंदे मातरम्’ को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक बताते हुए राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को याद रखने की प्रेरणा दी। कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने युवाओं से इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग कर संविधान की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी रखा गया, जिसमें डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों के समसामयिक संवैधानिक प्रश्नों का समाधान कर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। समारोह का मंच संचालन डॉ. गगनदीप चड्ढा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुबीर कुमार ने दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान ने भी अपना शुभकामना संदेश प्रेषित कर सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। कार्यक्रम में विधि विभाग के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।











