धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 80 हजार रुपये मूल्य के चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक नाबालिग को पकड़ा है। गुरुवार दोपहर आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी (CIB) धनबाद की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही थी। इसी क्रम में दोपहर करीब ढाई बजे प्लेटफॉर्म संख्या 6/7 के हावड़ा छोर की ओर एक किशोर को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से गूगल कंपनी का एक कीमती एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए किशोर ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने आसनसोल से धनबाद आने के क्रम में ट्रेन संख्या 22367 (ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस) में एक यात्री का यह मोबाइल चोरी किया था। वह चोरी के इस मोबाइल को लेकर चंद्रपुरा जाने के लिए धनबाद स्टेशन पर दूसरी ट्रेन का इंतजार कर रहा था। मामले की पुष्टि होने के बाद आरपीएफ की टीम ने अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए निरुद्ध किशोर और बरामद किए गए मोबाइल फोन को राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) धनबाद को सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे मामले में उप निरीक्षक प्रशांत कुमार द्वारा दिए गए लिखित शिकायत पत्र के आधार पर जीआरपी धनबाद में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(2) और 317(2) के तहत कांड संख्या 190/26 दर्ज कर लिया गया है, जिसकी जांच का जिम्मा सहायक उप निरीक्षक (ASI) अरुण कुमार को सौंपा गया है। पकड़े गए नाबालिग की पहचान बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वांग निवासी 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल किशोर के पूर्व आपराधिक इतिहास की जांच नहीं हो सकी है, जिस पर आगे की कार्रवाई जारी है।















