रांची: ओरमांझी स्थित कलकत्ता पब्लिक स्कूल (सीपीएस) में गुरुवार को संविधान दिवस अत्यंत गरिमामय और संवैधानिक तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई। विद्यालय की हेड गर्ल और 12वीं वाणिज्य की छात्रा आकृति सिन्हा ने माइक्रोफोन के माध्यम से प्रस्तावना की पंक्तियों का पाठ कराया, जिसे दोहराते हुए प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अपने-अपने वर्गों में खड़े होकर संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में पीजीटी शिक्षिका सुश्री बबीता कुमारी के मार्गदर्शन में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने ‘मॉक पार्लियामेंट’ (छद्म संसद) की जीवंत प्रस्तुति देकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का शानदार प्रदर्शन किया। संसद की तर्ज पर सजे सभागार में मार्शल के उद्घोष के बाद अध्यक्ष का आगमन हुआ और सभी सभासदों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व रोबोटिक्स तथा खनिज एवं खान अधिनियम में संशोधन कर सेस बरकरार रखने जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिली। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने वेल में आकर हंगामा भी किया, लेकिन अध्यक्ष की अपील पर संवैधानिक परंपरा का सम्मान करते हुए सभी पुनः अपने स्थान पर बैठ गए।
सदन की कार्यवाही में आगे बढ़ते हुए शिक्षा मंत्री ने स्कूली बच्चों के बस्ते के बढ़ते बोझ और खेल-कूद को दरकिनार करने वाली शिक्षा व्यवस्था पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया। विधेयक पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संशोधन प्रस्तावों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। ध्वनि मत से निर्णय न हो पाने पर विपक्ष के आग्रह पर लॉबी में सदस्यों के हस्ताक्षर के माध्यम से मत विभाजन कराया गया, जिसमें यह विधेयक 8 के मुकाबले 11 मतों से पारित हो गया।
इस छद्म संसद में अध्यक्ष की भूमिका सुश्री तन्नु कुमारी, प्रधानमंत्री की श्री कृप्त शंकर कुमार, शिक्षा मंत्री की इंशा उज्जमा, नेता प्रतिपक्ष की हर्षिका, संसदीय कार्य मंत्री की सुश्री अनामिका कुमारी और प्रतिपक्ष की मुख्य सचेतक की भूमिका सुश्री सुनीधि कुमारी ने बखूबी निभाई। इसके अलावा सौरभ करमाली, दक्ष, रिया और दिपाली सहित कुल 21 छात्रों ने इसमें भाग लिया, जबकि मंच संचालन सुश्री तन्वी ने किया। सत्र के समापन पर विद्यालय के निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्र ने संसद की कार्यप्रणाली और विधायिका-कार्यपालिका के संबंधों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षिका सुश्री बबीता कुमारी, श्रीमती मधु झा, सुश्री सुकृति तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।











