प्रभावित क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीण एकता मंच ने ब्लॉक दो ओसीपी में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी खेमका कैरियर का चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण कंपनी का कामकाज पूरी तरह से रुक गया। आंदोलन को समाजसेवी पिंटू महथा ने भी अपना नैतिक समर्थन दिया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मंच के संयोजक कन्हाई चौहान ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पहले बाघमारा सीओ की मौजूदगी में प्रबंधन के साथ छह सूत्री मांगों पर लिखित समझौता हुआ था। इसमें 75 प्रतिशत स्थानीय नियोजन नीति के तहत ग्रामीणों को नौकरी देने के साथ-साथ कार्यरत कर्मियों को एचपीसी वेतनमान, पहचान पत्र और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना शामिल था। कन्हाई चौहान के अनुसार, तीन साल बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने किसी भी मांग को पूरा नहीं किया, जिसके चलते ग्रामीणों को सड़क और खदान का काम रोकने को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए बाघमारा पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर तैनात रहे। दोपहर दो बजे क्षेत्रीय प्रबंधन (मा. सं.) अमित यादव, उप प्रबंधक हेमंत कुमार हेना, शिव शंकर सिंह और आउटसोर्सिंग प्रबंधन के संजय ठाकुर धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। हालांकि, मंच के सदस्य तुरंत मौके पर ही नियोजन देने की मांग पर अड़े रहे, जिससे वार्ता विफल हो गई और धरना जारी रहा।
इस धरना प्रदर्शन में समाजसेवी पिंटू महथा, सूरज चौहान, रामजीत टुडू, होने चौहान, सोनी चौहान, रंजीत चौहान, संदीप चौहान, रमेश चौहान, पप्पू भारती, बटल चौहान, टिंकू लाला, गोपाल सिंह और युवराज चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।









