सिमडेगा के पाकरटांड़ थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के सिलसिले में पुलिस ने पत्रकार अभिषेक भारती को जमशेदपुर से हिरासत में ले लिया है। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े इस मामले में केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस को उनकी तलाश थी। हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस अब इस प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अभिषेक भारती के खिलाफ एक नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नाबालिग का अपहरण कर उस पर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। इस गंभीर शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
इस मामले में पुलिस इससे पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस की टीम ने रांची के हरमू स्थित अभिषेक भारती के डिजिटल मीडिया कार्यालय ‘द भारत मित्र’ पर छापेमारी कर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज जब्त किए थे। हालांकि, पुलिस की उस कार्रवाई को लेकर कई पत्रकारों और पत्रकार संगठनों ने सवाल भी उठाए थे।
इसी मामले में पुलिस दिलीप तिर्की नामक एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके बाद से अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।









