चतरा सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.080 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वरीय पदाधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्टील के कैन में अवैध अफीम छिपाकर उसकी तस्करी करने जा रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने जब शेरेगड्डा नाला के पास घेराबंदी की, तो वहां हाथ में स्टील का कैन लेकर जा रहा एक युवक पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। विधिवत तलाशी लेने पर युवक के पास मौजूद स्टील के कैन से करीब 1.080 किलोग्राम गीला अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिन्दुरिया निवासी देवराज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पिता भी अवैध अफीम के कारोबार से जुड़े रहे हैं और पूर्व में इसी मामले में जेल जा चुके हैं। इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के साथ सदर थाना प्रभारी पु०नि० अनिल उरांव, पु०अ०नि० पियेश प्रसुन और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।















