महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भाजपुर गांव में सड़क पर बीते वर्षों से जमा गंदे पानी ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। चिलचिलाती गर्मी में जलजमाव से उठ रही दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि सड़क अब रास्ता कम और गंदे तालाब जैसी अधिक नजर आने लगी है।
ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क से गाव जानै वाली सडक लंबे समय से गंदा पानी जमा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी निकल नहीं पा रहा है। सड़क पर कीचड़ और बदबूदार पानी के बीच होकर लोगों को रोज आवाजाही करनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों को हो रही है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। शाम ढलते ही घरों के आसपास मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है, जिससे ग्रामीणों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। लोगों का कहना है कि गर्मी में ही यह स्थिति है, जबकि मानसून शुरू होते ही सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाएगी और हालात और गंभीर हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लगातार उपेक्षा के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो गांव में बीमारी का खतरा हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि से अविलंब सड़क से जलजमाव हटाने और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके और संभावित बीमारियों के खतरे को टाला जा सके।