नोवामुंडी में ईंधन संकट के बीच संधू HP पंप पर उमड़ा जनसैलाब, घंटों कतार में खड़े रहे लोगनोवामुंडी के गीतिलोर गांव स्थित संधू HP पेट्रोल पंप पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ईंधन पहुंचते ही वाहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों के ड्राई होने के कारण सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें मुख्य मार्ग तक पहुंच गईं। स्थिति ऐसी थी कि चिलचिलाती धूप में लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए और इस दौरान कतार में आगे निकलने की होड़ में कई चालकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, संधू पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह स्टॉक खत्म हो गया था, जिसके बाद बुधवार को टैंकर पहुंचते ही राहत की उम्मीद में लोग यहां पहुंचने लगे। नोवामुंडी और आसपास के क्षेत्रों के लिए यह पंप लाइफलाइन माना जाता है क्योंकि यहां सामान्यतः नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध रहता है। हालांकि बुधवार को भारी भीड़ के कारण लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित होने से वाहन चालकों ने अंततः राहत की सांस ली।
