रामगढ़ : कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत बोंगावार वार्ड नंबर-2 रविदास टोला में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक अनाथ युवक रंजन रजक का कच्चा खपरैल मकान ढह गया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। उस समय युवक घर के एक कोने में सो रहा था, तभी अचानक खपरैल मकान भरभराकर गिर पड़ी।मकान गिरने से युवक मलबे में दब गया, लेकिन राहत की बात रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद युवक दहशत में है। बताया जाता है कि यह खपरैल मकान उसके दिवंगत माता-पिता ने बनवाया था, जिसमें वह अकेले रहकर अपना जीवन यापन कर रहा था।घटना के बाद युवक के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उसके पास रहने के लिए कोई दूसरा घर नहीं है और न ही कोई सहारा। फिलहाल वह सरकारी सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है ताकि उसका उजड़ा आशियाना दोबारा बन सके।पीड़ित युवक ने बताया कि वह मजदूरी कर अपनी पढ़ाई और जीवन-यापन का खर्च चलाता है। उसने ग्रेजुएशन प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया है और वर्तमान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित युवक को आवास योजना और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह दोबारा सामान्य जीवन जी सके।
