राँची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत राँची जिले में शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति, कृषि और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिले की पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों, दुकानों और हाट-बाजारों में एकल उपयोग प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लास्टिक मुक्त पंचायत की शपथ दिलाई गई, दुकानदारों को जूट के थैलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया, प्लास्टिक कचरे के संग्रहण व पृथक्करण का कार्य हुआ और ग्राम पंचायतों में परंपरागत पदधारकों को सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस पखवाड़े के मौके पर झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की जमुदाग शाखा ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के तहत पांच दीदियों को एक-एक लाख रुपये यानी कुल पांच लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर प्रदान किया। इस अवसर पर सोनाहातू के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुनील कुमार राणा, शाखा प्रबंधक दीपक कुमार, सीएलसी ललित चंद्र महतो और बैंक सखी उमा देवी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को ऋण राशि का सही उपयोग कर सूक्ष्म व लघु व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया, जिस पर दीदियों ने स्वरोजगार के जरिए आजीविका मजबूत करने का संकल्प लिया।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण आजीविका, पशुपालन और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी गतिविधियां हुईं। तमाड़ प्रखंड के बारलंगा गांव स्थित जय मां लक्ष्मी सखी मंडल को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत ट्रैक्टर दिया गया, जबकि अनगड़ा की जीवन फूल महिला समिति की दीदियों ने करीब 30 डिसमिल जमीन पर गेंदा फूल की खेती कर लगभग 42 हजार रुपये की बिक्री की। ओरमांझी के एदलहातू पंचायत में सखी मंडल की महिलाओं को कृषि किट बांटे गए और रातू स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में 17 मॉड्यूल पर आधारित पांच दिवसीय बदलाव माचा प्रशिक्षण चलाया गया, जहां प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
इसके साथ ही जिले में जेंडर समानता, स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर शपथ, पोषण पखवाड़े के तहत आहार विविधता व प्रोटीन सेवन को लेकर नुक्कड़ नाटक, 3,801 बकरियों का टीकाकरण, मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं द्वारा 270 बत्तख के चूजों की खरीद, 126 SHG कट-ऑफ और 63 ग्राम संगठन ट्रांजेक्शन शिविर आयोजित किए गए। कांके के नेवरी क्लस्टर लेवल फेडरेशन को छह लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई और लगभग 2,238 लाभार्थियों का e-KYC पूरा किया गया।
खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन उप विकास आयुक्त संजय भगत ने किया। लगभग 200 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, सिकोरा, भारा दौड़, फुटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी में हिस्सा लिया, जिनमें से चुने गए खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर रांची का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, खेल निदेशालय के उपनिदेशक निर्भय सिंह, उपसचिव जयप्रकाश करमाली, डॉ. भावना अम्बष्ठा और परियोजना पदाधिकारी डॉ. ऋतुराज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दूसरी ओर, रामकृष्ण मिशन आश्रम के सभागार में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाव अभियान-2026 आयोजित हुआ, जिसमें जिला परिषद् अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कृषि एवं उद्योग सभापति, स्वामी भवेशानंद जी महाराज, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक मनोज कुमार और करीब 250 किसानों ने भाग लिया। चर्चा में रबी कार्य योजना, फसल उत्पादन लक्ष्य और खेत बचाओ शपथ पर जोर दिया गया तथा जिला स्तरीय रबी कर्मशाला पत्रिका-2026 का विमोचन हुआ। वहीं विभिन्न स्कूलों में परिसर व कक्षा की सफाई, हैंडवॉश अभ्यास, पेंटिंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। इसके अलावा पलाश के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविरों का कार्यक्रम तय किया गया है, जो 23 से 27 नवंबर तक अनगड़ा, कांके, मांडर, सिल्ली, बेड़ो, चान्हो, रातू, बुंडू, नामकुम, ओरमांझी, लापुंग, सोनाहातू और तमाड़ में आयोजित होंगे।












