रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मुख्यालय परिसर स्थित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ और सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का मूल सार ‘अधिकार’ और ‘कर्तव्य’ जैसे दो महत्वपूर्ण शब्दों में समाहित है, जो हमें अधिकार देने के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति हमारे कर्तव्यों का बोध भी कराता है। वहीं, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने संविधान को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार बताते हुए सभी कर्मियों से निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इसके अलावा सीवीओ श्री पंकज कुमार ने संविधान से मिलने वाली निष्पक्षता और पारदर्शिता की प्रेरणा को रेखांकित करते हुए कहा कि अनुच्छेद 14 और 21 प्रत्येक नागरिक को समानता तथा गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘E-Journal’ नामक मैगजीन के द्वितीय संस्करण का विधिवत लोकार्पण किया गया। साथ ही, कर्मचारियों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक ओपन क्विज का भी आयोजन हुआ, जिसके विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। इससे पूर्व महाप्रबंधक (विधि विभाग) श्री जोबी वी. पी. ने स्वागत भाषण देते हुए 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किए जाने और 26 जनवरी 1950 को लागू होने के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में विधि विभाग के वरीय प्रबंधक श्री महेंद्र प्रताप के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ इस गरिमामय आयोजन का समापन हुआ।










