मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर बारिश के बीच चल रही अटकलों पर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शादी का कोई भी कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया है और सभी आयोजन तय समय के अनुसार होंगे। दरअसल, नदवां गांव में लगातार हुई बारिश के कारण घुड़दौड़ प्रतियोगिता और हेलीकॉप्टर से मेहमानों के आने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। पहले अनंत सिंह ने बारिश का हवाला देते हुए घुड़दौड़ न होने की बात कही थी, लेकिन अब उन्होंने दोबारा बातचीत करते हुए कहा है कि शादी के कार्यक्रम पहले की तरह ही संपन्न होंगे।
अनंत सिंह ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि लगातार बारिश होने से घुड़दौड़ का मैदान कीचड़ से भर गया है और कीचड़ में घोड़ा दौड़ाना संभव नहीं है। इसके साथ ही मेहमानों के लिए बनाया गया हेलीपैड भी फिलहाल उपयोग के लायक नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में केवाल मिट्टी होने की वजह से जमीन को सूखने में समय लगता है, इसलिए हेलीकॉप्टर से आने वाले करीब 25 मेहमान अब सड़क मार्ग के जरिए नदवां पहुंचेंगे। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि मौसम और बारिश के कारण शादी का कोई कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है।
शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है, जबकि 23 नवंबर को हल्दी की रस्म आयोजित की जा रही है। शादी को लेकर नदवां स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है। तिलक और फलदान की रस्में पहले ही पूरी हो चुकी हैं और परिवार अब आगे की रस्मों व तैयारियों में जुटा है। बारिश से केवल घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर से आगमन की व्यवस्था पर असर पड़ा है, जबकि शादी के बाकी कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।















