धनबाद: शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए धनबाद पुलिस ने शुक्रवार शाम एक बड़ा कदम उठाया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी सेंटर चौराहे के पास मेगा ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चलाया गया। ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में देर रात तक चली इस कार्रवाई में ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार सहित भारी संख्या में यातायात पुलिस बल तैनात रहा।

अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, टोटो और एसयूवी सहित सभी प्रकार के वाहनों को रोककर सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइज़र मशीन के जरिए चालकों का अल्कोहल टेस्ट किया। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर कई चालकों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की गई और नियम तोड़ने वालों के वाहनों को जब्त कर थाने भेज दिया गया।

नशे की जांच के साथ-साथ पुलिस ने यातायात नियमों के पालन और वाहनों के दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, सीट बेल्ट न लगाने, ट्रिपल राइडिंग, फैंसी नंबर प्लेट और गाड़ियों में काले शीशे लगाने वालों पर भी सख्ती बरती गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने वाहनों में सवार लोगों की पहचान भी जांची और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाएं, सफर के दौरान अपने सभी वैध दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।
















