रांची: सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और ग्राहकों को एक नया अनुभव देने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) और जीएस फर्स्ट फ्लाइट एयरो रेस्टोरेंट एलएलपी (GS First Flight Aero Restaurant LLP) ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। इस साझेदारी के तहत इंडियन ऑयल के एक फ्यूल स्टेशन पर ‘हेलमग’ (#Helmug) नामक एक खास कैफे का उद्घाटन किया गया है, जिसे एक विशालकाय मोटरसाइकिल हेलमेट का आकार दिया गया है।
इस अनोखे कैफे की संरचना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान आकर्षित करने के साथ-साथ उन्हें यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करे। पेट्रोल पंप पर आने वाले ग्राहकों को यह विशाल हेलमेट हर पल सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की याद दिलाता रहेगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाने का एक रचनात्मक प्रयास किया गया है।
सड़क सुरक्षा के संदेश के अलावा यह कैफे ग्राहकों की सुविधा और बेहतर अनुभव को भी ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां ईंधन भरवाने के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों को एक ही छत के नीचे स्वच्छ भोजन, कॉफी और रेडी-टू-ईट स्नैक्स का आनंद लेने का विकल्प मिलेगा। इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंप पर हवा भरने और लुब्रिकेंट जैसी मौजूदा बुनियादी सेवाएं भी सुचारू रूप से उपलब्ध रहेंगी, जिससे सफर के दौरान लोगों को एक संपूर्ण विश्राम स्थल मिल सकेगा।
फिलहाल झारखंड में एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस ‘हेलमग’ कैफे की शुरुआत की गई है। इस पहल की सफलता और ग्राहकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए आने वाले समय में इसे पड़ोसी राज्य बिहार और धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में भी विस्तार देने की योजना है।












