रांची: पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची के चिकित्सकों ने चिकित्सा कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए सड़क दुर्घटना में पूरी तरह कटकर अलग हुए एक 32 वर्षीय ड्राइवर के दाएं हाथ के अंगूठे को सफलतापूर्वक दोबारा जोड़ दिया है। दुर्घटना के करीब आठ घंटे बाद और निर्धारित ‘गोल्डन आवर’ बीत जाने के बावजूद डॉक्टरों की टीम ने लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली जटिल माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी को अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज का अंगूठा पूरी तरह सुरक्षित है और उसके स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार हो रहा है।
प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट एवं हेड डॉ. विवेक गोस्वामी ने बताया कि पेशे से ड्राइवर होने के कारण दाएं हाथ का अंगूठा कट जाना मरीज की आजीविका और भविष्य के लिए एक बड़ा संकट बन सकता था, क्योंकि हाथ की पकड़ और दैनिक कार्यों में अंगूठे की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। अंगूठे में गंभीर क्रश इंजरी होने और देरी से अस्पताल पहुंचने के कारण यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। मरीज की सहमति के बाद सुपर माइक्रोसर्जरी तकनीक और लाइका के हाई-एंड माइक्रोस्कोप की मदद से अंगूठे की दो डिजिटल आर्टरी, तीन डॉर्सल वेन्स और दोनों डिजिटल नर्व को बारीकी से जोड़ा गया। इसके साथ ही एक्सटेंसर व फ्लेक्सर टेंडन की मरम्मत कर के-वायर के जरिए हड्डी को स्थिर किया गया।
डॉ. गोस्वामी के अनुसार, ऐसी सर्जरी के बाद शुरुआती 72 घंटे रक्त प्रवाह की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील होते हैं, लेकिन मेडिकल टीम की सतत निगरानी के चलते मरीज को किसी गंभीर जटिलता का सामना नहीं करना पड़ा। ऑपरेशन के तीसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और हालिया फॉलो-अप जांच में भी अंगूठा पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना में शरीर का कोई अंग कटने या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने पर बिना समय गंवाए विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र पहुंचें, ताकि समय रहते अंग को बचाया जा सके।
इस उपलब्धि पर पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि संस्थान अत्याधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के माध्यम से जटिल से जटिल उपचार रांची में ही उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अस्पताल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गंभीर मामलों में मरीजों को इलाज के लिए महानगरों की ओर रुख न करना पड़े और वे स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय चिकित्सा पाकर जल्द अपने सामान्य जीवन व रोजगार में लौट सकें।












