फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरते हुए ‘टीम तुलसी पटेल’ के सभी 24 प्रत्याशियों ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पर्चा भरने के तुरंत बाद टीम ने चुनाव प्रचार का बिगुल फूंक दिया और अपर बाजार के ईस्ट मार्केट, वेस्ट मार्केट सहित प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उम्मीदवारों ने स्थानीय कारोबारियों और चैंबर सदस्यों से सीधा संवाद कर अपने पक्ष में वोट देने की अपील की।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार तुलसी पटेल ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड चैंबर व्यापारियों और उद्यमियों की आवाज को बुलंद करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उनकी टीम का मुख्य एजेंडा चैंबर की कार्यप्रणाली को पहले से अधिक सक्रिय, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यापारियों की जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान निकालना, सरकारी नीतियों में कारोबारियों के हित में प्रभावी पैरवी करना और हर सदस्य के अधिकारों की रक्षा करना टीम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
टीम तुलसी पटेल की ओर से नामांकन दाखिल करने वाले प्रमुख चेहरों में तुलसी पटेल के साथ अमित शर्मा, अनिल कुमार अग्रवाल, अरुण भरतीया, ज्योति कुमारी, मनीष सर्राफ, मोनिका गोयनका, नवजोत अलंग, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय और विनीता सिंघानिया समेत अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। सभी उम्मीदवारों ने एकजुट होकर चैंबर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का दावा किया है।









