परसबनिया (बलियापुर): बलियापुर प्रखंड अंतर्गत परसबनिया पंचायत के मार्शलिंग यार्ड में गुरुवार को भाकपा-माले (लाल झंडा) की ओर से प्रखर मजदूर नेता कॉमरेड श्रीपति महतो और कॉमरेड बीरबल महतो की पुण्यतिथि पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में दोनों दिवंगत नेताओं को नमन करने के लिए सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और मजदूर उमड़ पड़े। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम कॉमरेड श्रीपति महतो की धर्मपत्नी द्वारा दोनों नेताओं के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसके बाद सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो और स्थानीय पंचायत के मुखिया राजा राम रजक ने भी तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक आनंद महतो ने कॉमरेड श्रीपति महतो के संघर्षपूर्ण जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीपति महतो ने अपनी पूरी जिंदगी संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी और हमेशा मजबूती के साथ शोषितों की लड़ाई लड़ी। इस दौरान सभा को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं ने संविधान दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए इसे किसान और मजदूर विरोधी बताया। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे दोनों दिवंगत साथियों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए मजदूरों और किसानों के हक-अधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेंगे।
इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से सुरेश प्रसाद, जगतू महतो, राजा राम साव, अरविंद महतो, मंगल महतो, विक्की पंडित, मनोज रवानी, मुखिया राजा राम रजक, सुरेश पाल, मंगरू सिंह, विरेंचि महतो, रघु यादव, दशरथ ठाकुर, शंकर महतो, नंदी सिंह, बादल बाउरी, बबलू महतो, शिवा रजक और केस्टो महतो सहित सीपीआईएमएल लिबरेशन (माले) के समस्त कार्यकर्ता तथा भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।















