चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में मगध कोल परियोजना से सीधे कोयला लाने के लिए बनाया गया लगभग 7 किलोमीटर लंबा पाइप कन्वेयर जल्द ही शुरू होने जा रहा है। कन्वेयर को चालू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिसे देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन ने आम लोगों और स्थानीय निवासियों के लिए जरूरी सुरक्षा गाइडलाइन जारी की है।
प्रबंधन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि पाइप कन्वेयर में स्थापित 33,000 वोल्ट की हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन वर्तमान में पूरी तरह चालू अवस्था में है। इसके संपर्क में आने से गंभीर विद्युत दुर्घटना हो सकती है, जो जानलेवा भी साबित हो सकती है। किसी भी संभावित हादसे को टालने के लिए प्रबंधन ने आसपास के लोगों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है।
एनटीपीसी ने सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों से आग्रह किया है कि वे पाइप कन्वेयर से सदैव सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसे छूने या इस पर चढ़ने का प्रयास बिल्कुल न करें। इसके साथ ही लोगों को कन्वेयर के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने, प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से बचने और प्रबंधन द्वारा जारी सभी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।












