चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान गैंग का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया। चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कई सदस्य टंडवा इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख अपराधियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए अपराधी को पुलिस ने तुरंत कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, गैंग के अन्य फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।















