रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में होने वाले राज्यस्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस भव्य आयोजन से पहले 26 से 28 नवंबर तक परिसर में मेला-सह-प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने खेलगांव पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि इस राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अतिथि, प्रतिभागी और आम नागरिक पहुंचेंगे, इसलिए किसी को भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तैनात रखने को कहा। साथ ही आगंतुकों के लिए पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और नियमित कचरा प्रबंधन एवं साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने तथा सुगम आवागमन के लिए बेहतर यातायात और पार्किंग प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने आयोजन स्थल, मेला परिसर और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी व निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा है। इसके अतिरिक्त स्टॉल, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा केंद्रों की आसान पहचान के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
मौके पर उप विकास आयुक्त संजय भगत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, परियोजना निदेशक आईटीडीए मनीषा तिर्की, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज और जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।











