रांची: मंगलवार की सुबह झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के कई अन्य इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय अचानक धरती हिलने से घबराए लोग तुरंत अपने घरों और अपार्टमेंट्स से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर जमा हो गए।
भू-वैज्ञानिक जानकारी के अनुसार, भूकंप सुबह 7 बजकर 02 मिनट पर आया और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई है। इस भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश स्थित लेलेप से करीब 9 किलोमीटर दूर जमीन के भीतर था।
भूकंप का असर केवल नेपाल तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव भारत सहित कुल पांच देशों में देखने को मिला। शुरुआती सूचना के मुताबिक, नेपाल के अलावा भारत के बिहार और झारखंड राज्यों, बांग्लादेश, भूटान और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी धरती हिलने की खबरें सामने आई हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।















