झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (JSSC-CGL) 2023 के प्रश्न-पत्र लीक और धांधली मामले में सीआईडी की जांच ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस पूरे प्रकरण का आरोपी अजय कुमार न केवल खुद इस परीक्षा में सफल होकर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में कनीय सचिवालय सहायक के पद पर नियुक्त हो गया था, बल्कि वह इस संगठित नकल गिरोह में एक सक्रिय बिचौलिए की भूमिका भी निभा रहा था।
जांच एजेंसी को मिले पुख्ता साक्ष्यों के अनुसार, अजय कुमार ने खुद अभ्यर्थी होते हुए भी पटना के भिखना पहाड़ी स्थित कृष्णा डिफेंस एकेडमी के संचालक राकेश रंजन से संपर्क साधा और अन्य अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न-उत्तर उपलब्ध कराने का झांसा दिया। इस साजिश के तहत अभ्यर्थियों को पटना के बुद्ध स्मृति पार्क के पास बुलाकर एक गुप्त मकान में ले जाया गया, जहां उन्हें कई घंटों तक प्रश्न-उत्तर के सेट रटवाने के बाद सीधे परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया। अजय ने अपने सहयोगी संजय कुमार व अन्य के साथ मिलकर राम कृष्ण कुमार सिंह सहित कई अभ्यर्थियों को इस नेटवर्क से जोड़ा और उनके पटना आने-जाने तथा ठहरने का पूरा इंतजाम किया। केस डायरी में यह भी दावा किया गया है कि अमित कुमार सहित कई सफल अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई और बिचौलियों के जरिए नकद राशि राकेश रंजन तक पहुंचाई गई। हालांकि, बचाव पक्ष ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सफाई दी है कि अमित से लिए गए 10,000 रुपये झारखंड हाईकोर्ट में लंबित एक जनहित याचिका के अदालती खर्च के लिए थे, जबकि संजय कुमार को दिए गए 89,000 रुपये उसकी मां के इलाज के लिए बतौर उधार दिए गए थे।
अभियोजन पक्ष ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के बीच लगातार संवाद होने की पुष्टि की है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों को काबू में रखने के लिए उनके मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, चेक और मोबाइल फोन अपने पास जमा करा लेते थे। सीआईडी के रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रश्न-पत्र रटवाने का यह खेल केवल पटना तक सीमित नहीं था, बल्कि झारखंड के दुग्धा (बोकारो), पश्चिम बंगाल के नियामतपुर (आसनसोल) और सीतुलपुर (दुर्गापुर) से लेकर पड़ोसी देश नेपाल के बीरगंज तक अलग-अलग ठिकानों पर अभ्यर्थियों को जुटाकर नकल कराने का नेटवर्क फैला हुआ था।









