रांची: शिक्षा, सफलता और गौरव के ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बना YBN यूनिवर्सिटी, रांची का प्रथम दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो तथा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी ने समारोह की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडिल तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक प्रमोद रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दीक्षांत समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने का गौरवपूर्ण क्षण रहा। विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2025 तक के शैक्षणिक सत्रों के लिए कुल 10,030 विद्यार्थियों के पंजीकरण हेतु अवसर उपलब्ध कराया गया था। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधि मिलने के साथ विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों को नई पहचान मिली। इस मौके पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यदेव पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास यात्रा और भावी योजनाओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इस आयोजन में विश्वविद्यालय के संस्थापक, कुलाधिपति, कुलपति और कुलसचिव की विशेष उपस्थिति रही। डीन एकेडेमिक्स और परीक्षा नियंत्रक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं शिक्षाकर्मी भी समारोह में शामिल हुए।
अपने संबोधन में अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। अतिथियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करें तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
YBN यूनिवर्सिटी का यह प्रथम दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मानित करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, गुणवत्ता और नवाचार के प्रति विश्वविद्यालय के संकल्प को भी नई पहचान दी। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा उनके नए शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सफर की शुभकामनाओं के साथ हुआ।












