रांची प्रेस क्लब में रांची सिटीजन फोरम और हमर अधिकार मंच के संयुक्त तत्वाधान में झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में रांची नगर निगम क्षेत्र के निर्वाचित वार्ड पार्षदों, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यशाला का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि रांची नगर निगम के प्रथम बोर्ड की बैठक को छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक वार्ड समिति, स्थायी समिति, क्षेत्रीय समिति, विषय समिति, तदर्थ समिति और संयुक्त समिति जैसी अहम समितियों का गठन नहीं हो सका है। दीपेश निराला ने बताया कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 34 के तहत परिषद के निर्वाचन के दो महीने के भीतर सभी 53 वार्डों में वार्ड समितियों का गठन होना चाहिए था, जो अब तक नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि अधिनियम की धारा 24 के तहत स्थायी समिति का गठन भी नहीं हो पाया है, जिसमें महापौर, उपमहापौर और धारा 49 के तहत गठित क्षेत्रीय (जोनल) समितियों के अध्यक्ष शामिल होते हैं। क्षेत्रीय समिति का गठन कम से कम पांच आपस में सटे वार्डों को मिलाकर होता है, जिससे पार्षदों को अलग कार्यालय, कर्मचारी और बजट में आवंटित राशि के माध्यम से जनहित में कार्य करने की शक्ति मिलती है। इसके अलावा राज्य में वार्ड सभा, क्षेत्र सभा, स्टेट चैंबर ऑफ म्युनिसिपल कौंसिल्स और नगरपालिका लोकायुक्त की नियुक्ति भी नहीं होने पर चिंता जताई गई।
वक्ताओं ने कहा कि शक्तियों के विकेंद्रीकरण के अभाव में पार्षदों के अधिकार सीमित हैं और नागरिकों के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 74वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1992 के तहत मिले इन संवैधानिक अधिकारों का जमीनी स्तर पर पालन नहीं हो रहा है। लोग हर साल होल्डिंग टैक्स और अन्य शुल्क नियमित रूप से जमा कर रहे हैं, लेकिन उसके अनुरूप नागरिक सुविधाएं न मिलना सेवा में कमी को दर्शाता है।
कार्यक्रम में वार्ड 45 के पार्षद नसीम गद्दी, वार्ड 26 के प्रदीप कुमार, वार्ड 15 की गजाला परवीन, वार्ड 22 के मोहम्मद असलम और वार्ड 5 के अवधेश बैठा सहित कई पार्षदों ने कहा कि समितियों के अभाव में अधिनियम के अनुरूप काम करना मुश्किल हो रहा है और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने में बाधा आ रही है। कार्यशाला में उमाशंकर सिंह, रेणुका तिवारी, विनोद जैन बेगवानी, संतोष मृदुला, जूही चौधरी, मीना कुमारी, दीनबंधु कुमार, मनीष बक्शी, सुजीत कुमार पांडेय, कुमार अभिषेक दुबे, प्रिय ब्रत प्रसाद, जयप्रकाश अग्रवाल, आशीष जायसवाल, बीरेंद्र नगडुवार, वसीम आलम अंसारी, सीमा परवीन, सिद्धार्थ गौतम, शमीम आलम अंसारी, नसीम, प्रतिमा कुमारी, अशोक द्विवेदी, शिवानंद कांशी, गुलाम सरवर रिजवी, आरजू, संजय कुमार बुधिया, बिमला तिरू, पतरस ओड़िया, गोंदेतियुस कुंडुलना, अरबिंद कुमार मिश्रा, पप्पू कुमार, पंकज कुमार गुप्ता और शिव दयाल चौधरी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।











