रांची। अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी रांची में सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से पदयात्रा आयोजित की गई। ‘सशक्त नारी, सुदृढ़ राष्ट्र’ के संकल्प के साथ यह पदयात्रा बरियातू रोड स्थित आरोग्य भवन से सुबह सात बजे प्रारंभ हुई, जो करमटोली चौक तक जाकर पुनः आरोग्य भवन लौटी। इस दौरान समाज में महिलाओं की अहम भूमिका, सुरक्षा, समान अधिकार और विकास में समान भागीदारी को लेकर विशेष नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया।
स्वतंत्रता सेनानी, देश की पहली महिला राज्यपाल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष सरोजिनी नायडू द्वारा स्थापित अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के शताब्दी वर्ष पर आयोजित इस कार्यक्रम के बाद अध्यक्ष मीना सिंह ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण उनके परिवार के आर्थिक और सामाजिक उन्नयन के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को कमजोर रखकर न तो परिवार तरक्की कर सकता है और न ही देश।
सचिव अनुपमा प्रसाद ने कहा कि बदलते दौर में सशक्त नारी और सुदृढ़ राष्ट्र का संकल्प हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही एक ऐसा माध्यम है जिससे परिवार, समाज और राष्ट्र के हित में ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं, जिनका लाभ सभी को मिले। उन्होंने सभी से महिलाओं को समान अधिकार और अवसर प्रदान करते हुए उनके सशक्तिकरण के लिए आगे आने की अपील की। नुक्कड़ नाटक के बाद एकता राय ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कविता का पाठ किया।
कार्यक्रम में सम्मेलन की अध्यक्ष मीना सिंह और सचिव अनुपमा प्रसाद के साथ कुमकुम गौड़, नैना तनेजा, इंदिरा शुक्ला, सतनाम सलूजा, मंजुला जायसवाल, आराधना शुक्ला, राका ठाकुर, अनुपमा सिंह, किरण सिंह, नूतन मिश्रा, सुचित्रा अग्रवाल, मंदिरा भाटिया और रीना विद्यार्थी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य व अतिथि मौजूद रहे।











