अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजाडेरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान तेतरिया टोली (ओरमांझी) निवासी राजेंद्र महतो की 22 वर्षीय बेटी जुली कुमारी के रूप में हुई है।
ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन पर सूचना दी थी कि बुधवार की रात जुली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, शव पर चोट के कई निशान मिलने के बाद घटना को लेकर संदेह गहरा गया है और मायके वालों ने इसे हत्या करार दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी से दर्जनों महिलाएं अनगड़ा थाना पहुंचीं और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति मोतीलाल महतो (निवासी राजाडेरा) और उसकी सास को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जुली और मोतीलाल की शादी दो साल पहले हुई थी।










