बीसीसीएल एरिया तीन के अंतर्गत संचालित जीटीएस (GTS) आउटसोर्सिंग कंपनी के कामकाज पर रोक लगाने की मांग को लेकर 23 नवंबर को प्रस्तावित बंदी के विरोध में मजदूरों ने कमर कस ली है। आउटसोर्सिंग कंपनी में काम करने वाले मजदूरों ने प्रेस वार्ता कर स्पष्ट किया कि लगभग 300 मजदूर इस बंदी का विरोध कर रहे हैं और यदि कोई भी 23 नवंबर को काम ठप कराने की कोशिश करेगा, तो वे एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे और इसका डटकर विरोध करेंगे।
मजदूरों का कहना है कि कंपनी का संचालन रुकने से उनके रोजगार और रोजी-रोटी पर सीधा संकट खड़ा हो सकता है, इसलिए वे किसी भी हालत में बंदी नहीं होने देंगे। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय राजनीतिक समीकरण भी गरमाते नजर आ रहे हैं।
अब 23 नवंबर को होने वाले घटनाक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हैं। एक ओर बंदी के समर्थकों का रुख है, तो दूसरी ओर रोजगार बचाने के लिए मजदूरों का विरोध सामने है। ऐसे में इस टकराव में विभिन्न राजनीतिक दलों व नेताओं की रणनीति और भूमिका भी खासी चर्चा का विषय बनी हुई है। देखना यह दिलचस्प होगा कि 23 नवंबर को किसका दांव भारी पड़ता है और किसकी रणनीति सफल साबित होती है।















