रांची में मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित तीन चरणों की प्रतियोगिताओं का समापन हो गया है। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, शहीद चौक में आयोजित जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के करीब 1800 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से अंतिम चरण में चुने गए मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के EROs, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक समेत 140 से अधिक छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफर स्कूल स्तर से शुरू होकर विधानसभा क्षेत्र स्तर तक और फिर जिला स्तर तक पहुंचा था।
निबंध प्रतियोगिता में रमेश सिंह मुंडा +2 उच्च विद्यालय बुंडू (तमाड़) की तनु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मारवाड़ी +2 उच्च विद्यालय रांची (रांची) के रोहित कुमार द्वितीय और राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय पाली (हटिया) की खुशबू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता में सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की टीम (रोहित कार्जी, घांसी राम कोईरी और कृति कुमारी) ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा हटिया क्षेत्र की टीम दूसरे और मांडर क्षेत्र की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम का समापन जिला शिक्षा अधीक्षक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।











