रांची: झारखंड में पल्स पोलियो अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सोमवार को स्वयं धरातल पर उतरे। मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर न केवल अभियान का जायजा लिया, बल्कि सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर घर-घर दस्तक देते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्वास्थ्य मंत्री की इस जमीनी पहल ने मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की। इस दौरान डॉ. अंसारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और सुदूरवर्ती अंतिम गांव तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राज्य का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित न रहे। ‘पोलियो मुक्त झारखंड’ के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने आम जनता से भी अपने नौनिहालों को पोलियो ड्रॉप पिलाने और इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।








