रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर आज विशेष ‘एक और अवसर’ कैंप का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नागरिकों को एक और मौका देना था। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस कैंप में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदाता सूची से जुड़ी त्रुटियों को सुधारने के लिए आवश्यक सहायता प्राप्त की।
इस अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठकें हुईं तथा चुनाव पाठशाला का आयोजन करके मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची का पुनः प्रकाशन भी किया गया, ताकि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम गलती से उसमें आ गया हो, तो वे फॉर्म-6 या इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर तुरंत सुधार करवा सकें।
इसके साथ ही नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी जैसी श्रेणियों से जुड़े मतदाताओं को भी सही दस्तावेज जमा करने के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया। प्रशासन की ओर से उन युवाओं से भी फॉर्म-6 प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की गई जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का पूरा लाभ उठाएं और किसी भी जन शिकायत के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) पर संपर्क कर सकते हैं।











