नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड का पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गया है। यहां पारंपरिक माटी कला और टेराकोटा का लाइव प्रदर्शन पर्यटकों को विशेष रूप से लुभा रहा है, जहां कारीगरों द्वारा मिट्टी से कप, सुराही, ट्रे, गिलास, थाली और केतली जैसे पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद अपनी आंखों के सामने तैयार किए जा रहे हैं।

पवेलियन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पर्यटक न केवल इन उत्पादों को बनते हुए देख रहे हैं, बल्कि स्वयं भी इस कला का अनुभव लेकर अपने हाथों से वस्तुएं बना रहे हैं। इसके साथ ही, आगंतुकों को इन आकर्षक और उपयोगी उत्पादों को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी मिल रही है। झारखंड सरकार द्वारा स्थानीय कारीगरों के सशक्तीकरण, पारंपरिक कला के संरक्षण और उन्हें व्यापक राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत माटी कला बोर्ड पारंपरिक शिल्पकारों को आधुनिक डिजाइन और बेहतर आजीविका के अवसर प्रदान कर रहा है।














