सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने भुवनेश्वर स्थित बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी में ‘एकेडमिक लीडरशिप’ विषय पर अपना विशेष व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान दौर में अकादमिक नेतृत्व की भूमिका, चुनौतियों और इसकी खूबियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। भारत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी एकेडमिक लीडरशिप की आवश्यकता और संवाद (कम्युनिकेशन) में इसके महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि नेतृत्वकर्ताओं को विद्यार्थियों के सामने एक रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत होना चाहिए और उनके विकास के लिए स्मार्ट लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।
अपने भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रो. गोपाल पाठक ने सेंचुरियन यूनिवर्सिटी का भी दौरा किया और वहां के स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए महत्वपूर्ण करार के तहत अब सरला बिरला विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इंटर्नशिप के लिए सेंचुरियन विश्वविद्यालय जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, भुवनेश्वर में ही कीट (KIIT) विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरनजीत सिंह और प्रो. गोपाल पाठक के बीच एक अहम बैठक हुई, जिसमें दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी सहमति बनी।
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के साथ एसबीयू के इन शैक्षणिक करारों पर हर्ष व्यक्त किया है।











