सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित कंपनी ‘बिरला ओपस’ में शानदार प्लेसमेंट हासिल किया है। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग द्वारा एमबीए पाठ्यक्रम (सत्र 2027 और 2028) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में पांच होनहार विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इन सभी चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से 7.5 लाख रुपये का आकर्षक वार्षिक पैकेज ऑफर किया गया है।
इस उपलब्धि पर प्लेसमेंट विभाग के डीन डॉ. हरिबाबू शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपने छात्रों को कॉर्पोरेट जगत की मांग के अनुरूप तैयार करने और उन्हें सर्वश्रेष्ठ करियर अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिरला ओपस जैसी अग्रणी कंपनी का कैंपस ड्राइव में शामिल होना संस्थान और उद्योग जगत के बीच बढ़ते मजबूत रिश्तों का प्रमाण है।
डॉ. शुक्ला ने यह भी जानकारी दी कि साल 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए भी कैंपस में रोजगार के बेहतरीन अवसर उपलब्ध रहे हैं। इस दौरान ईवाई, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, शोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आर. आर. केबल लिमिटेड, ए. ओ. स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मेघा इंजीनियरिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड जैसी दिग्गज कंपनियों ने प्लेसमेंट गतिविधियों में हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने हर्ष जताते हुए सभी चयनित छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।











