रांची। सरला बिरला पब्लिक स्कूल, महिलौंग में गुरुवार को दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय मानविकी महोत्सव ‘मानविकी 2026’ के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, लोयला कॉन्वेंट स्कूल, ओडीएम सफायर ग्लोबल स्कूल और कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल सहित रांची के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इतिहास, साहित्य, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित यह महोत्सव विद्यार्थियों को किताबों की सीमाओं से बाहर निकलकर आलोचनात्मक सोच और वास्तविक जीवन के संदर्भों से जुड़ने का मंच दे रहा है।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता प्रीतम कुमार लाला और निर्णायक मंडल के सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। दीप प्रज्वलन और स्वागत नृत्य के बाद मुख्य आकर्षण ‘कल्चरल फ्यूजन रैम्प वॉक’ ने दर्शकों का ध्यान खींचा। ‘सांस्कृतिक समन्वय’ थीम पर छात्रों ने एक ही परिधान में भारत के दो अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक झलक, पारंपरिक वेशभूषा और प्रतीकों को पिरोकर विविधता में एकता का संदेश दिया।
पहले दिन हुई प्रतियोगिताओं में छात्रों की तार्किक क्षमता और रचनात्मकता की परीक्षा ली गई। ‘डेविल्स एडवोकेट’ में प्रतिभागियों ने न्यायालयीन वाद-विवाद के अंदाज में इतिहास की विवादास्पद हस्तियों, फैसलों और घटनाओं का विश्लेषण किया तथा विरोधी तर्कों का जवाब दिया। वहीं ‘आर्ट वर्स’ प्रतियोगिता में छात्रों ने कल्पनाशीलता और भावनाओं को चित्रकला व रचनात्मक माध्यमों से उकेरा।

मुख्य अतिथि प्रीतम कुमार लाला ने कहा कि मानविकी विषय छात्रों में आलोचनात्मक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता और समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हर विषय पर सवाल पूछने, तर्कपूर्ण राय रखने और स्वस्थ असहमति व रचनात्मक संवाद को अपनाने का आह्वान किया। प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि यह महोत्सव छात्रों को रटे-रटाए उत्तरों से आगे बढ़कर तथ्यों व प्रमाणों के आधार पर गहन विश्लेषण करने, आत्मविश्वास से अपनी बात रखने और दूसरों के विचारों का सम्मान करने के लिए प्रेरित करता है।
महोत्सव के दूसरे दिन ‘डेडली डिसेप्शन’ और ‘स्टाइल वर्डिक्ट’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनसे प्रतिभागियों और दर्शकों का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।










