रांची जिला प्रशासन द्वारा राज्य स्थापना पखवाड़ा के सफल आयोजन और जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय कार्यक्रमों का आयोजन बेहद सुव्यवस्थित तरीके से होना चाहिए और इसमें सभी संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने जिला पंचायती राज, समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, खेल, सहकारिता और जेएसएलपीएस समेत तमाम प्रमुख विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर पूर्व तैयारी पुख्ता रखने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित तिथियों पर सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से चल सकें।
स्थापना पखवाड़ा की समीक्षा के साथ-साथ डीसी ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए गति बढ़ानी होगी। समीक्षा के दौरान सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा, वीबी-जी राम जी योजना के तहत मैनडेज क्रिएशन और योजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि वे योजनाओं की नियमित समीक्षा करें, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें और आपसी तालमेल के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारें ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर हासिल किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री संजय भगत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार रजत और प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।











