रांची के सदर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है।
यह पूरा मामला 15 नवंबर 2026 को सामने आया था जब कोकर के पाहनटोली निवासी संजीव कुमार की मोटरसाइकिल होटल कैलाशा इन यूटी गोड के पास से चोरी हो गई थी। इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 517/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी रांची द्वारा वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सदर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था।
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बरियातु हाउसिंग कॉलोनी निवासी भोलू कुमार सिंह उर्फ भोलू खलनायक और कुमार हर्ष को दबोच लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया। पूछताछ और निशानदेही के बाद पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र से ही चोरी हुई एक होंडा स्कूटी (कांड संख्या 491/26 से संबंधित) और घटना में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल (पंजीयन संख्या JH01H-8503) को बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी और जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेज दिया गया है, वहीं निरुद्ध बालक को डूमरदगा स्थित संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक कुलदीप कुमार, पुअनि कश्यप गौतम, पुअनि जमील अंसारी, सअनि होपना बेसरा, सअनि बालमोहन सिंह और अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।










