रांची में प्रकाश पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सिख समुदाय के प्रबुद्ध जनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक आयोग के निवर्तमान उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारु, यातायात एसपी राकेश सिंह, नगर एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ सिख समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान प्रभात फेरी और शोभायात्रा के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती और सुचारू ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व आस्था और आपसी भाईचारे का प्रतीक है, जिसे सभी के सहयोग से पूरी भव्यता और शांति के साथ मनाया जाएगा।










