राँची: झारखण्ड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन (JCYA) ने आगामी क्रिसमस कार्निवल 2026 के पोस्टर का विधिवत लॉन्च कर दिया है। मोरहाबादी गेस्ट हाउस सभागार में आयोजित इस लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि इस वर्ष कार्निवल 10 दिसंबर 2026 को निकाला जाएगा। यह आयोजन लोयला से शुरू होकर डंगरा टोली चौक के रास्ते अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेगा।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्निवल का मुख्य उद्देश्य प्रेम, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही झारखण्ड की मसीही संस्कृति, परंपरा और उत्सव की झलक भी शहरवासियों के सामने पेश की जाएगी।
पोस्टर लॉन्चिंग के मौके पर झारखण्ड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय संरक्षक सुजीत कुजूर, केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा और केंद्रीय महासचिव विकास तिर्की समेत अमरदीप करकेट्टा, गोबिंद टोप्पो, आकाश बारा, आकाश तिर्की व निश्छल सोय मौजूद रहे। कार्यक्रम में झारखण्ड बिशप काउंसिल से बिशप अनिल रेवन, बिशप सुरेश सांगा, जयवंत तिर्की और मनमोहन पंडा की उपस्थिति रही। इसके अलावा लोयला छात्रावास अध्यक्ष मंडल से अनलदीप कुजूर, बसंत एक्का, सुमित लकड़ा, पुनीत लकड़ा, पिंगल कुजूर और प्रोफेसर बिलासीयूसिस पन्ना भी शामिल हुए।
सिविल सोसाइटी और झारखण्ड क्रिस्चियन फ्रंट से कुमुदनी प्रभावती तथा ऑल इंडिया क्रिश्चन माइनॉरिटी फ्रंट से प्रवीण कच्छप, प्रदीप बड़ाइक, सोनू लोहरा और माइकल कच्छप समेत कई गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।
इस दौरान झारखण्ड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा ने कहा कि क्रिसमस कार्निवल लंबे समय से समाज को जोड़ने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और क्रिसमस का संदेश व्यापक स्तर पर साझा करने का माध्यम रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार भी पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। एसोसिएशन ने मसीही समाज, चर्च अगुवाओं, युवाओं और आम नागरिकों से 10 दिसंबर के कार्निवल में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।











