सरकारी योजनाओं का सच कभी-कभी कितना हैरान करने वाला होता है, इसकी बानोगी झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड में देखने को मिली है। एक तरफ जहां ग्रामीण पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पंचायत समिति निधि से लगभग ढाई लाख रुपये खर्च करके एक ऐसे सुनसान और वीरान तालाब पर स्नान घाट बनवा दिया गया, जहां परिंदा भी पर नहीं मारता। इस अनोखे विकास कार्य ने अब पूरे इलाके में सरकारी धन की बर्बादी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूरा मामला नारायणपुर प्रखंड की पोस्ता पंचायत के सिमरबेड़ा टोला का है। यहां ग्रामीणों की सुविधा के नाम पर 2,49,800 रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन स्थल के चयन में जनता की जरूरत को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तालाब गांव से इतनी दूर और सुनसान जगह पर स्थित है कि वहां आम दिनों में किसी का आना-जाना तक नहीं होता। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर किस आधार पर इस जगह का चयन किया गया और इस योजना से किसे फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई।
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा विभाग के कनीय अभियंता यानी जेई रवि उरांव ने किया है। उन्होंने साफ तौर पर स्वीकार किया है कि उन्होंने इस जगह की अनुपयोगिता को देखते हुए वहां काम कराने से पहले ही मना कर दिया था। जेई का कहना है कि उन्होंने सख्त निर्देश दिए थे कि सारा काम उनकी मौजूदगी में हो, लेकिन लाभुक समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनकी एक नहीं सुनी और लगातार दबाव बनाकर काम पूरा करवा लिया।

दबाव का आलम यह था कि जेई ने इस कार्य का विरोध करते हुए करीब तीन महीने तक इसकी मापी पुस्तिका यानी एमबी बनाने से इनकार कर दिया था, जिस वजह से भुगतान भी अटका हुआ था। हालांकि, बाद में जनप्रतिनिधियों के भारी दबाव के आगे उन्हें झुकना पड़ा और मजबूरी में एमबी तैयार करनी पड़ी, जिसके बाद ठेकेदार व संबंधित लोगों को भुगतान जारी कर दिया गया। एक जिम्मेदार अधिकारी का यह बयान इस बात की गवाही देता है कि किस तरह जमीनी हकीकत को ताक पर रखकर मनमाने फैसले लिए जाते हैं।
उधर, इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी पानसोर मरांडी ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि किसी भी विकास योजना की उपयोगिता सबसे पहले होनी चाहिए। उन्होंने स्वीकार किया कि जेई द्वारा काम रोके जाने और बाद में दबाव बनाए जाने की जानकारी उनके पास भी है। अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी और यदि गड़बड़ी साबित हुई, तो संबंधित लोगों से सरकारी राशि की रिकवरी के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।










