रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राजधानी के रातू रोड स्थित कृष्णानगर कॉलोनी के गुरुद्वारा मैदान (बिरला मैदान) में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने गुरुद्वारा में मत्था टेककर श्रद्धा अर्पित की और पंगत में बैठकर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी राज्यवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें सत्य, समानता, प्रेम, करुणा और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं। राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और दर्शन आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है और समाज को सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करता है।










