आगामी पर्व मिलाद-उल-नबी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने राजधानी के कई संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला। पैदल मार्च के साथ-साथ पुलिस के बाइक दस्ते ने भी शहर के मुख्य मार्गों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर डोरंडा तक निकाला गया। इसके अलावा एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, विक्रांत चौक सहित कई प्रमुख जुलूस मार्गों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आरएएफ (RAF), आईआरबी (IRB) और स्थानीय पुलिस बल के जवानों ने ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़भाड़ व संवेदनशील इलाकों की निगरानी की। बाइक दस्ते ने मेन रोड से लेकर एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।
इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक (City SP), सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर तैनात जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दी जाए।














