झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तुलसी पटेल के नेतृत्व में उनकी टीम ने रांची के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। सुबह 11 बजे शुरू होकर देर शाम तक चली इस पदयात्रा के दौरान टीम ने सहजानंद रोड, भूतहा तालाब, महावीर चौक, मैकी रोड और रंगरेज गली सहित विभिन्न व्यापारिक इलाकों का सघन दौरा किया। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय व्यापारियों और चैंबर सदस्यों ने टीम के सदस्यों का स्वागत किया और अपना समर्थन व्यक्त किया।
जनसंपर्क के दौरान तुलसी पटेल ने अमरजीत गिरधर, रवि शर्मा, श्रवण तोदी, गोवर्धन प्रसाद भाला, सुबोध गुप्ता, अनिल लोहिया सहित कई प्रमुख कारोबारियों से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। व्यापारियों को संबोधित करते हुए तुलसी पटेल ने कहा कि उनका यह अभियान महज वोट मांगने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी जमीनी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना इसका मुख्य ध्येय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चैंबर को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना ही उनकी टीम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस पदयात्रा में सीए आदित्य शाह, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भारतीय, ज्योति कुमारी, मोनिका गोयनका, राहुल साबू, विनीता सिंघानिया और रोहित पोद्दार सहित बड़ी संख्या में टीम के सदस्य और समर्थक मौजूद रहे।










