रांची: बैंक ऑफ बड़ौदा के रांची क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से मंगलवार को खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड में वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बैंक परिवार के सदस्यों को रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूर एक साथ आनंदमय समय बिताने का अवसर देना और आपसी सहयोग, एकता व टीम भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम की शुरुआत अनिल कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने बैंक के सभी कर्मचारियों और उनके परिजनों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक नीलमणि, उप क्षेत्रीय प्रमुख स्वप्निल श्रीवास्तव सहित रांची क्षेत्र के तमाम अधिकारी व कर्मचारी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान खेलगांव के मैदान पर प्रतिभागियों का जबरदस्त उत्साह, आपसी तालमेल और खेल भावना देखने को मिली। बैंक कर्मचारियों और उनके परिजनों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खेल स्पर्धाओं के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के अंत में उप क्षेत्रीय प्रमुख स्वप्निल श्रीवास्तव ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक दोपहर भोज के साथ इस यादगार आयोजन का समापन हुआ, जिसने कार्यस्थल से परे बैंक परिवार की संगठनात्मक एकता को एक नई ऊर्जा प्रदान की।










