रांची: संविधान दिवस के अवसर पर YBN यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई और स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज ने गुरुवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल की। विश्वविद्यालय परिसर में भव्य आयोजन के बाद संस्थान की टीम ने अपने गोद लिए हुए गांव लाली पहुंचकर स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच संवैधानिक एवं कानूनी जागरूकता अभियान चलाया, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और शिक्षा के लिए प्रेरित करना था।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में हुई, जहां कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार और कुलसचिव डॉ. दीप्ति भार्गव की मौजूदगी में शिक्षकों व कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता, न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
कुलपति के प्रेरणादायक संबोधन के पश्चात विश्वविद्यालय का दल ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता फैलाने के लिए लाली गांव की ओर रवाना हुआ।
लाली गांव पहुंचने पर YBN ग्रुप की मुख्य प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. अंकिता यादव और स्थानीय मुखिया जीरेन टोपनो की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच पठन-पाठन सामग्री के रूप में पेन और नोटबुक का वितरण किया गया। इस मौके पर NSS इकाई के स्वयंसेवकों ने गांव में एक जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को संविधान के महत्व, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
दूसरी ओर, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की टीम ने विशेष सत्र के माध्यम से बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों और कानूनी संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां सरल भाषा में समझाईं। इस पूरे अभियान में NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कौशल किशोर, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की सहायक प्राध्यापिका निकिता और रंजन सहित कई अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। औपचारिक समारोह से आगे बढ़कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक संविधान की समझ पहुंचाने वाली YBN यूनिवर्सिटी की इस जनभागीदारी पहल की स्थानीय स्तर पर काफी प्रशंसा हो रही है।











